शत-प्रतिशत आभा आईडी के लिए विभागों में समन्वय जरूरीः एडीसी नरेंद्र कुमार
रोहतक, गिरीश सैनी। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले में शत-प्रतिशत आभा आईडी निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए दिए।
कार्यशाला में सिविल सर्जन, उप-सिविल सर्जन, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्मृति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। राज्य एबीडीएम टीम के डार्विन और डॉ. गुरप्रीत ने प्रतिभागियों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, आभा आईडी पंजीकरण प्रक्रिया और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में आभा आईडी के लाभों के साथ हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री और हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री पर भी चर्चा हुई। शिक्षा, सचिवालय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की आभा आईडी बनवाने तथा आमजन को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।

Girish Saini

