सुपवा में 12 से 14 अगस्त तक होगा डिजाइन फेस्टिवल –सूत्रम
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने किया पोस्टर का लोकार्पण।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में शुक्रवार को आगामी तीन दिवसीय डिजाइन फेस्टिवल सूत्रम के पोस्टर का लोकार्पण कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने किया। फैकल्टी ऑफ डिजाइन के तत्वावधान में होने वाला यह महोत्सव 12 से 14 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसका समापन विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फैशन शो के साथ होगा। पोस्टर विमोचन के मौके पर कुलसचिव के साथ डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक, एफसी फैकल्टी ऑफ डिजाइन डॉ. शैली खन्ना, एफसी फैकल्टी ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर अजय बाहू जोशी, एफसी फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स विनय कुमार तथा फिल्म एवं टेलीविजन विभाग के अकादमिक समन्वयक देबाशीष रॉय भी मौजूद रहे।
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने कहा कि कुलपति डॉ. अमित आर्य के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि फैकेल्टी ऑफ डिजाइन के साथ विवि के अन्य सभी संकाय और शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
एफसी फैकल्टी ऑफ डिजाइन डॉ शैली खन्ना ने कहा कि -सूत्रम के पहले दिन 12 अगस्त की शाम -आलोकनामा का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि व गीतकार आलोक श्रीवास्तव प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन सुपवा के छात्रों की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुति रहेंगी, जबकि तीसरे व अंतिम दिन सुपवा के विद्यार्थी खुद तैयार किए गए परिधानों को फैशन शो के जरिए प्रदर्शित करेंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान छह मास्टर क्लास आयोजित की जाएंगी, जिनमें पंजाब की फुलकारी, बिहार की मधुबनी पेंटिंग, दिल्ली की टेराकोटा आर्ट एवं फैब्रिक ज्वेलरी, राजस्थान की हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग तथा हरियाणा की हथकरघा बुनाई जैसी पारंपरिक कलाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन कार्यशालाओं में शहर के स्कूली विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वे विशेषज्ञों से सीधे सीखने और संवाद का अवसर प्राप्त कर सकें।
डॉ. शैली खन्ना ने बताया कि सूत्रम के दौरान विवि के विद्यार्थियों द्वारा खानपान के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न स्टार्टअप भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे, जिससे युवाओं को उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में प्रेरणा मिल सके।
Girish Saini 

