सात दिवसीय रोजगार कौशल विकास कार्यशाला संपन्न

सात दिवसीय रोजगार कौशल विकास कार्यशाला संपन्न

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग में करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय रोजगार कौशल विकास कार्यशाला शुक्रवार को संपन्न हुई। विभागाध्यक्षा प्रो. शालिनी सिंह ने मुख्य वक्ता जयदीप मल्होत्रा (महिंद्रा प्राइड एवं नांदी फाउंडेशन, हैदराबाद) का स्वागत किया।

प्रो. शालिनी सिंह ने वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में बहु-कौशल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि संचार कौशल, सॉफ्ट स्किल्स, तकनीकी दक्षता, समूह चर्चा, प्रोजेक्ट प्रस्तुति, ईमेल लेखन, वित्त प्रबंधन, संक्षिप्त विवरण तैयार करना, इंटरव्यू स्किल्स तथा टीमवर्क जैसे गुण विद्यार्थियों को रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सीसीपीसी निदेशिका प्रो. दिव्या मल्हान ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं, जिससे वे विषय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और जीवनोपयोगी कौशल भी हासिल कर सकें।

मुख्य वक्ता जयदीप मल्होत्रा ने विद्यार्थियों को रोजगार के बदलते परिदृश्य, व्यक्तित्व विकास और प्रभावी संचार कौशल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने मॉक इंटरव्यू, प्रेजेंटेशन और समूह चर्चा जैसी गतिविधियों में भाग लेकर अपने कौशल को निखारा। समापन सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।