सीआरएम जाट कॉलेज ने जीती क्रॉस कंट्री ट्रॉफी
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में आयोजित महिला एवं पुरुष इंटर कॉलेज क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में सीआरएम जाट कॉलेज हिसार ने दोनों वर्गों की टीम स्पर्धा में खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में एसएमएएम कॉलेज हांसी दूसरे और जीजीजे राजकीय महाविद्यालय हिसार तीसरे स्थान पर रहा। पुरुष वर्ग में जीजीजे राजकीय महाविद्यालय हिसार दूसरे तथा डीएन कॉलेज हिसार तीसरे स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धा के महिला वर्ग में एफजीएम आदमपुर की सिमरण बिश्नोई और अंजलि ने क्रमश: पहला व दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ओडीएम कॉलेज मुकलान की सुषमा तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में सीआरएम जाट कॉलेज के रोहित विजेता रहे। जीजीजे कॉलेज के मनीष दूसरे तथा सीआरएम जाट कॉलेज के मनीष तीसरे स्थान पर रहे।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक खेल जरूर अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हैं। प्रतियोगिता में गुजवि से संबद्ध 10 महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

Girish Saini

