शब्दों से साधे तर्क, मंच पर दिखाया दम
जीजेयू में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने कार्यशाला में भाग लिया।
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति और वक्तृत्व कौशल निखारने के लिए शब्दों की शक्ति: वाद-विवाद एवं वक्तृत्व कला में निपुणता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यशाला में विभिन्न विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों व शोधार्थियों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता व वाद-विवाद विशेषज्ञ डॉ. बिजेंद्र दहिया ने कहा कि प्रभावी बोलने की कला व्यक्तित्व का अहम हिस्सा है और निरंतर अभ्यास से इसे निखारा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति, प्रभावी वक्तव्य की संरचना, आत्मविश्वास और संवाद कौशल के गुर बताए।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एम.के. शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। निदेशक सांस्कृतिक मामले डॉ. तरुणा ने विद्यार्थियों को प्रतिभा और विचारों के प्रभावी प्रदर्शन के अवसर देने पर जोर दिया।
दूसरे सत्र में विद्यार्थियों की टीमों ने सोशल मीडिया विषय पर पक्ष-विपक्ष में वाद-विवाद किया। इसके बाद प्रश्नोत्तरी हुई। कार्यशाला की समन्वयक डॉ. गीतू और डॉ. साक्षी जैन रही।

Girish Saini 

