विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण व रचनात्मकता विकसित करने का सशक्त माध्यम है एटीएल, रोबोटिक्स व खगोल विज्ञान प्रयोगशालाएः एडीसी नरेंद्र कुमार
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स एवं खगोल विज्ञान प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा रचनात्मकता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
एडीसी नरेंद्र कुमार जिला के मॉडल संस्कृति विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों एवं अन्य राजकीय विद्यालयों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल), रोबोटिक्स एवं खगोल विज्ञान लैब के संदर्भ में जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने तथा विज्ञान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
डीईओ मंजीत मलिक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करेंगी। जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य तथा विज्ञान के पीजीटी अध्यापकों ने प्रतिभागिता की। अटल टिंकरिंग लैबस की जिला समन्वयक गरिमा ने कार्यशाला का संचालन एवं समन्वय किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

Girish Saini 

