रोहतक में 21 से 23 सितंबर तक राज्य स्तरीय स्कूली खेल, हॉकी-योग में जुटेंगे प्रदेशभर के खिलाड़ीः डीसी
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक में 21 से 23 सितंबर तक 59वें राज्य स्तरीय स्कूली खेल (2026-27) का आयोजन होगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में हॉकी और योग के मुकाबले होंगे, जिनमें प्रदेशभर से स्कूल टीमें और खिलाड़ी भाग लेंगे।
हॉकी में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के हिस्सा लेंगे। अंडर-19 के मुकाबले राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-6, अंडर-17 के एमडीएन पब्लिक स्कूल और अंडर-14 के बोहर स्टेडियम में होंगे। योग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में लड़के-लड़कियां भाग लेंगे। लड़कों के मुकाबले राजीव गांधी स्टेडियम के कबड्डी हॉल और लड़कियों के मुकाबले स्कॉलर रोजरी पब्लिक स्कूल में होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सभी आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। पुलिस बल तैनात रहेगा। खेल मैदान, उपकरण, रेफरी, तकनीकी अधिकारी, पंजीकरण, बैठने, साउंड और स्कोर बोर्ड की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए।

Girish Saini 

