टीबी जागरूकता के साथ कैमरी में गूंजा हरियाली का संदेश

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि की एनएसएस इकाई-6 एवं विवि चिकित्सा केंद्र ने सिविल अस्पताल, हिसार के सहयोग से कैमरी गांव में टीबी जागरूकता रैली और पौधरोपण अभियान आयोजित किया।

टीबी जागरूकता के साथ कैमरी में गूंजा हरियाली का संदेश

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि की एनएसएस इकाई-6 एवं विवि चिकित्सा केंद्र ने सिविल अस्पताल, हिसार के सहयोग से कैमरी गांव में टीबी जागरूकता रैली और पौधरोपण अभियान आयोजित किया।

बतौर मुख्य अतिथि, विवि की प्रथम महिला डॉ. वंदना बिश्नोई ने कहा कि टीबी से व्यक्ति के साथ परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। जागरूकता, समय पर जांच और नियमित उपचार से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरीना हसीजा ने टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह या अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना या कमजोरी जैसे लक्षण होने पर जांच करानी चाहिए।

एनएसएस स्वयंसेवकों और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कैमरी के विद्यार्थियों ने स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एनएसएस के 100 स्वयंसेवकों और विद्यालय के करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया।