वाराणसी के लिए 15 दिसंबर को रवाना होगी तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन, सीएम नायब सिंह सैनी दिखाएंगे झंडी
60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मिलेगी चार दिवसीय निःशुल्क यात्रा की सुविधा
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर से चार दिवसीय निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण सरल पोर्टल पर शुरू हो गया है।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने पात्र लाभार्थियों से जल्द आवेदन करने की अपील की है। योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वे बुजुर्ग उठा सकेंगे, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पर्यटक किट भी दी जाएगी। इससे पहले योजना के तहत अयोध्या और नांदेड़ की तीर्थ यात्राएं करवाई जा चुकी हैं।

Girish Saini

