बाल भवन में पांच जिलों के बच्चों ने नृत्य से बांधा समां
मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, चार आयु वर्गों में सोलो डांस के विजेता घोषित
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय बाल भवन में बुधवार को हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में तीन दिवसीय मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष सतबीर सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिताओं में रोहतक, सोनीपत, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोहतक मंडल अधिकारी अनिल मलिक, जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया, प्रतियोगिता प्रभारी अशोक कुमार शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले दिन ग्रुप डांस और सोलो डांस प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
सोलो डांस के प्रथम आयु वर्ग में इंडियन मॉडर्न पब्लिक स्कूल सोनीपत प्रथम और आरपीएस रोहतक द्वितीय रहा। दूसरे वर्ग में वैश्य इंटरनेशनल स्कूल भिवानी प्रथम और आर्यन मॉडल स्कूल चरखी दादरी द्वितीय रहा। तीसरे वर्ग में सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल भिवानी प्रथम और राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय मुरथल द्वितीय रहा। चौथे वर्ग में संस्कारम पब्लिक स्कूल झज्जर प्रथम और पी श्री कन्या स्कूल मुरथल अड्डा सोनीपत द्वितीय रहा।
विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। 26 नवंबर को समूह एवं एकल गायन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

Girish Saini

