जिला स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वाधान में जिला रोहतक शाखा द्वारा जिला स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों के लिए एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. पवन कुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि योगेश्वर दत्त, जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया तथा नोडल अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया ने बताया कि वर्ष 2024 एवं 2025 की जिला स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
मुख्य अतिथि प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विशिष्ट अतिथि योगेश्वर दत्त ने कहा कि सफलता पाने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प जरूरी है। नोडल अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने सभी का हार्दिक स्वागत किया। जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया ने आभार व्यक्त किया।

Girish Saini 

