सेवा पखवाड़े में युवाओं ने दिखाया सेवा का जज्बा
रोहतक, गिरीश सैनी। माय भारत रोहतक द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित सेवा पखवाड़ा सामाजिक सहभागिता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में युवाओं और स्वयंसेवकों ने रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता, नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की।
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने बताया कि रक्तदान शिविर में 75 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। पर्यावरण संरक्षण के लिए गांवों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और खेल परिसरों में पौधरोपण किया गया।
नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत स्कूलों, आईटीआई, कॉलेजों और खेल नर्सरियों में जागरूकता कार्यक्रम हुए। बखेता और मकड़ौली में युवाओं ने सफाई अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का संदेश दिया। महिला सशक्तिकरण के तहत अधिकारों, स्वरोजगार और कौशल विकास पर सत्र आयोजित हुए। ग्राम सभाओं में युवाओं ने सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

Girish Saini

