स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत की मजबूत नींव है योगः कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
प्रतिभागियों ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार किया सामूहिक योगासन व प्राणायामों का अभ्यास।
रोहतक, गिरीश सैनी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय राजीव गांधी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़े तथा अपने संदेश में सभी नागरिकों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकुला से वर्चुअली कार्यक्रम में जुडक़र नागरिकों को योग दिवस का संदेश दिया।
स्थानीय स्तर पर सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा सहित अन्य अतिथियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल के अलावा प्रशासन के उच्चाधिकारियों व भाजपा के पदाधिकारियों व योग साधकों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगासनों व प्राणायामों का अभ्यास किया।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, ऋषि परंपरा और आध्यात्मिक ज्ञान की अमूल्य धरोहर है। आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और भारत विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है, जो व्यक्ति को अनुशासित, सकारात्मक और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 177 देशों के समर्थन से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। आज 200 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और वैश्विक नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज विशेषकर युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। योग आत्मसंयम, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच विकसित करता है तथा नियमित योगाभ्यास तनाव, अवसाद और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। प्रदेश में स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम में योग शिक्षा को शामिल किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में नियमित योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हरियाणा योग आयोग का गठन किया गया है। प्रदेश में 6500 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 883 व्यायामशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी तरह 859 आयुष योग सहायकों तथा 156 योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अलावा 397 आयुष औषधालयों एवं 109 उप-स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के रूप में विकसित किया गया है।
उन्होंने योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले योग साधकों व संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उन्होंने इसके उपरांत राजीव गांधी खेल परिसर में पौधारोपण कर उपस्थितगण को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Girish Saini 


