विकसित भारत के संकल्प के साथ नशामुक्ति का संदेश लेकर आगे बढ़ें युवा
संविधान दिवस पर मेरा युवा भारत द्वारा युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी जानकारी
रोहतक, गिरीश सैनी। संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, रोहतक द्वारा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में जीनियस आईएएस अकादमी के सहयोग से युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047 के संकल्प, संविधान के मूल्यों और नशामुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी परम राठी, कार्यक्रम सहायक जय शंकर और युवा आइकॉन आशीष ने विद्यार्थियों से संवाद किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की अहम भूमिका रहेगी। इसके लिए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाना जरूरी है।
उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। सवाल-जवाब सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संविधान, युवा नेतृत्व व राष्ट्र निर्माण से जुड़े सवाल पूछे। कार्यक्रम का समापन विकसित भारत और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Girish Saini

