युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगेः कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगेः कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जननायक राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के सभी नेता एकजुटता के साथ युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। वे किला मैदान में चल रहे धरने को समर्थन देने पहुंचे थे। उन्होंने अंबेडकर चौक पर डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए धरना स्थल पर पहुंचे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे निर्दोष व निहत्थे बच्चों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज करने के साथ अश्रु गैस के गोले दागे। युवाओं की आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं को भी बलपूर्वक बंधक बनाया गया। उन्होंने कहा कि जनता इस जुल्म को सहन नहीं करेगी और एक-एक लाठी का हिसाब चुकता करेगी।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में 152 से ज्यादा रिकॉर्ड पेपर लीक हुए हैं। इसी हताशा में युवा सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि खाली लीपापोती से काम नहीं चलेगा और युवाओं की मांगें पूरी होने तक कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता मजबूती से उनका साथ देगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील धानक, पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, धर्मपाल सांगवान व कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर, डॉ मनीषा सांगवान, किसान नेता राजू मान, ब्लॉक अध्यक्ष सतबीर फोगाट, सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।