बहकावे की राजनीति नहीं, विकास का हिसाब चाहिएः पूर्व सीएम पर मनीष ग्रोवर ने साधा निशाना
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा की जनता अब बहकावे में आने वाली नहीं है। जनता विकास, पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।
पूर्व मंत्री ग्रोवर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्राह्मणवास, किलोई और काहनी में आयोजित नमो सेवा गाथा नुक्कड़ नाटक कार्यक्रमों में कहा कि हुड्डा और उनके सांसद बेटे को चुनाव के समय ही जनता की याद आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद वे लंबे समय तक जनता के बीच सक्रिय नजर नहीं आते। उन्होंने कांग्रेस से अपने शासनकाल में क्षेत्र के लिए मिली विकास राशि और उसके इस्तेमाल का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता समय-समय पर हुड्डा के नेतृत्व और कार्यशैली पर सवाल उठा चुके हैं। ईवीएम और वोट चोरी के आरोपों पर ग्रोवर ने कहा कि चुनावी नतीजे जनता के मत से तय होते हैं और राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं को रोजगार देने का दावा करते हुए कहा कि सरकार का फोकस विकास, सुशासन और सुरक्षा पर है।
इस दौरान भाजपा नेता सतीश नांदल ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।

Girish Saini

