हिंदू कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराने के लिए दीक्षारम्भ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण एवं आई-कार्ड वितरण से हुई।
राष्ट्रीय गीत, दीप प्रज्वलन और स्वागत के बाद विद्यार्थियों को ओरिएंटेशन से संबंधित जानकारी दी गई। द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने समूह गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने एकल गीत, नृत्य और रागिनी प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग भरा।
प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने विद्यार्थियों को कॉलेज की सुविधाओं, नियमों, इंटर्नशिप और शैक्षणिक अवसरों की जानकारी देते हुए अनुशासन, नियमितता और सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कम्युनिकेशन स्किल, प्रैक्टिकल नॉलेज और प्रतिभा विकास पर जोर दिया। डॉ. सन्नी कपूर ने इंटर्नशिप कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
बतौर मुख्यातिथि, प्रबंधन समिति के प्रधान श्याम कपूर ने कहा कि दीक्षारम्भ विद्यार्थियों के नए शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर एवं विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया गया।

Girish Saini 

