मडूटा के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान 6 जुलाई को

मडूटा के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान 6 जुलाई को

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू शिक्षक संघ (मडूटा) के वर्ष 2026 के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। मडूटा के प्रशासक-सह-रिटर्निंग अधिकारी प्रो. वजीर नेहरा (सेवानिवृत्त) और एआरओ पूर्व अधीक्षक राधेश्याम ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी करते हुए अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी के आठ सदस्यों के चुनाव की तिथियां घोषित की।

जारी अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र 1 व 2 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मडूटा कार्यालय में दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 2 जुलाई को दोपहर 3 बजे होगी, जबकि उसी दिन शाम 4 बजे उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची प्रदर्शित की जाएगी। उम्मीदवार 3 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे और दोपहर 2 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। 

चुनाव के लिए मतदान 6 जुलाई (सोमवार) को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा। एमडीयू सीपीएएस गुरुग्राम में मतदान प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक होगा। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की जाएगी और तत्पश्चात परिणाम घोषित किए जाएंगे। अधिसूचना के अनुसार केवल वही सदस्य मतदान करने और चुनाव लड़ने के पात्र होंगे, जिनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हैं।

प्रशासक-सह-रिटर्निंग अधिकारी प्रो. वजीर नेहरा ने स्पष्ट किया कि अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव प्रत्यक्ष लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत गुप्त मतदान से कराया जाएगा।