कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने युवा सर्जनों से नई तकनीक सीखकर मरीज को फायदा पहुंचाने का आह्वान किया

देश भर के हड्डी रोग विशेषज्ञ भाग ले रहे वार्षिक कांफ्रेंस एनजेडओएकॉन में।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने युवा सर्जनों से नई तकनीक सीखकर मरीज को फायदा पहुंचाने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के हड्डी रोग विभाग द्वारा आयोजित की जा रही तीन दिवसीय वार्षिक कांफ्रेंस 44वें नॉर्थ जोन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (एनजेडओएकॉन) 2026 का औपचारिक शुभारंभ कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि, दीप प्रज्वलित कर किया।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में हड्डी रोग में नवाचारों और आधुनिक तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कॉन्फ्रेंस से चिकित्सा क्षेत्र में नए शोध और उपचार विधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि हमें नवीनतम तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता है ताकि हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश भर में एम्स खोल दिए हैं। कुलपति ने युवा सर्जनों का आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम में नए तरीके व तकनीक सीखें, अपने प्रश्न पूछें और आम जनता को फायदा पहुंचाएं।

हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ रूप सिंह ने स्वागत संबोधन किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान पहली बार कैडेवरिक वर्कशॉप आयोजित की गई। साथ ही, ऑर्थो विभाग की पहली एलुमनाई मीट भी आयोजित की गई। कांफ्रेंस के दौरान 200 एब्सट्रेक्ट प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य किताबों से हटकर शिक्षा देना और प्रैक्टिकल ज्ञान प्रदान करना है।

डॉ रूप सिंह ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में हिप और लोअर लिंब (निचले अंग) से संबंधित नवीनतम शोध और उपचार विधियों पर चर्चा की गई। तीन प्रमुख सत्रों में ट्रामा, नी और प्राइमरी हिप आर्थ्रोप्लास्टी सिम्पोजियम शामिल थे। ट्रामा सेशन में पॉलीट्रोमा, इंटरट्रोकेंटरिक फ्रैक्चर, फेमर नेक फ्रैक्चर और पाइलॉन फ्रैक्चर जैसे विषयों पर विशेषज्ञों डॉ. एस.के. मोदी, डॉ संसार चंद शर्मा, डॉ एम.जी. वशिष्ठ और डॉ रविंद्र कांत मनोचा ने व्याख्यान दिए। नी सेशन में डॉ के.सी. मुद्गिल, डॉ प्रतीक कुमार गुप्ता, डॉ राजू ईस्वरण और डॉ प्रवीण चावला ने बायोमैकेनिक्स, पीसीएल सर्जरी, मेनिस्कस संबंधी समस्याएं और एसीएल पुनर्निर्माण पर चर्चा की। प्राइमरी हिप आर्थ्रोप्लास्टी सिम्पोजियम में हिप आर्थ्रोप्लास्टी के विभिन्न पहलुओं जैसे एंकायलूजिंग स्पॉन्डिलाइटिस में टीएचआर और स्पाइनो-पेल्विक संतुलन पर डॉ आर.के. गुप्ता, डॉ के.डी. शर्मा, डॉ अनिल राणे और डॉ ईश्वर बोहरा ने विचार रखे।

डॉ आशीष देवगन ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस में देश भर के हड्डी रोग विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं और जटिल चिकित्सा मामलों पर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। मंच संचालन जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ उमेश यादव ने किया। कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने हड्डी रोग विभाग के सोविनियर का भी विमोचन किया। डॉ शांता राम सेठी को डॉ पी.एस. मैनी ओरेशन अवार्ड से नवाजा गया। डॉ एस.एस. यादव एवं डॉ नरेंद्र कुमार मग्गू को नॉर्थ जोन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

इस दौरान हरियाणा मेडिकल काउंसिल से डॉ मंदीप सचदेवा, निदेशक डॉ एस.के. सिंघल, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ एम.जी. वशिष्ट, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ कुंदन मित्तल, डेंटल कॉलेज प्राचार्य डॉ संजय तिवारी, डॉ नवीन ठक्कर, डॉ अमनदीप बख्शी, डॉ सिद्धार्थ शर्मा, डॉ आशीष देवगन सहित प्रतिभागी चिकित्सक मौजूद रहे।