केक काटकर मनाया कुलपति डॉ. अग्रवाल का जन्मदिन, पूर्व मंत्री ग्रोवर ने दी बधाई
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल का जन्मदिन वीरवार को संस्थान परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। ट्रॉमा सेंटर से शुरू हुए समारोह में डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में केक काटा। डॉक्टरों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस दौरान कुलपति ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
बाद में कुलपति कार्यालय में आयोजित समारोह में कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक पीजीआईएमएस डॉ. एस.के. सिंघल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ सहित विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. अग्रवाल को शुभकामनाएं दीं।
हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने भी समारोह में पहुंचकर डॉ. अग्रवाल को शाल और पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में पीजीआई रोहतक चिकित्सा शिक्षा, उपचार और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि कुलपति के मार्गदर्शन में संस्थान को कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिली हैं। डॉ. अग्रवाल ने सभी का आभार जताते हुए पीजीआई रोहतक को देश का नंबर-1 स्वास्थ्य संस्थान बनाने के लक्ष्य को दोहराया।

Girish Saini 

