वेटरन खिलाड़ी राज शर्मा ने ऑल इंडिया ओपन टेबल टेनिस चैंपियनशिप में रजत पदक जीता

वेटरन खिलाड़ी राज शर्मा ने ऑल इंडिया ओपन टेबल टेनिस चैंपियनशिप में रजत पदक जीता

रोहतक, गिरीश सैनी। वेटरन टेबल टेनिस खिलाड़ी राजकुमार शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित द्वितीय मां शूलिनी ऑल इंडिया ओपन टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है। दुर्गा पब्लिक स्कूल, सोलन में हुए इस टूर्नामेंट का आयोजन सोलन जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन और मां शूलिनी स्पोर्ट्स कमेटी द्वारा हिमाचल प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया।

इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने पुरुष और महिला वर्ग की 39+, 49+, 59+ और 65+ आयु वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धाओं और टीम प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

कड़े मुकाबले में रोहतक के राजकुमार शर्मा बेहतरीन खेल प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंचे और रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी।