सुरक्षित बचपन अभियान के तहत नवंबर 2026 से नवंबर 2027 तक बच्चों को बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति करेंगे जागरूकः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान
स्कूलों में रोज लगेगी बाल सुरक्षा की पाठशाला, शिक्षकों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और यौन शोषण की अनिवार्य रिपोर्टिंग की दी जानकारी
रोहतक, गिरीश सैनी। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सरकारी एवं निजी स्कूलों के शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों को बाल अधिकारों, सुरक्षा और पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने बताया कि नवंबर 2026 से नवंबर 2027 तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रशिक्षित शिक्षक अपने विद्यालयों में प्रतिदिन बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, यौन शोषण से बचाव और दुर्व्यवहार की शिकायत करने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेंगे।
प्रशिक्षण में सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान, कुलदीप (डीसीपी) और पैनल अधिवक्ता बबीता फोगाट ने पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। शिक्षकों को अपराधों की अनिवार्य रिपोर्टिंग, पीड़ित बच्चों की पहचान गोपनीय रखने, संवेदनशील तरीके से बयान दर्ज कराने और विशेष न्यायालयों में त्वरित सुनवाई की प्रक्रिया समझाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के व्यवहार में असामान्य बदलाव पहचानने और उनकी समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने में शिक्षकों की अहम भूमिका है। प्रत्येक विद्यालय में भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाना जरूरी है, ताकि बच्चे किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ बिना डर अपनी बात रख सकें।

Girish Saini

