पल्स 2026 में यूएचएसआर का जलवा, फुटसाल में जीते दो पदक
कुलपति डॉ अग्रवाल ने दी बधाई
रोहतक, गिरीश सैनी। एम्स नई दिल्ली में आयोजित दक्षिण एशिया के प्रमुख मेडिकल फेस्टिवल पल्स 2026 में पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के विद्यार्थियों ने फुटसाल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीते।
थ्री-ए-साइड फुटसाल प्रतियोगिता में यूएचएसआर की टीम ने 18 टीमों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, सेवन-ए-साइड फुटसाल में 30 टीमों के बीच मुकाबले में टीम ने रजत पदक अपने नाम किया।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यूएचएसआर के विद्यार्थी केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भी अग्रणी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और तनाव प्रबंधन जैसे गुण विकसित करती हैं।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने उपलब्धि को मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम बताया। डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल ने बताया कि डॉ. विपिन घरसा और डॉ. प्रदीप जाखड़ के नेतृत्व में इस टीम के कप्तान आर्यन और सदस्य डॉ. प्रिंस, अमन, इशांत, सागर, रोहित, शुभम और रुद्र प्रताप रहे।

Girish Saini

