समय पर जांच से बच सकती है 80% अंधताः कुलपति डॉ. अग्रवाल

विश्व दृष्टि दिवस पर यूएचएसआर में जागरूकता अभियान

समय पर जांच से बच सकती है 80% अंधताः कुलपति डॉ. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने विश्व दृष्टि दिवस पर लोगों से आंखों की नियमित जांच और देखभाल का आह्वान किया। अटल क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में आयोजित जागरूकता अभियान में उन्होंने कहा कि आंखें भगवान का बेशकीमती तोहफा हैं और इनकी अनदेखी गंभीर समस्या बन सकती है।

कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि दुनिया में करीब 80 प्रतिशत अंधता ऐसी है, जिसे समय पर जांच और उपचार से रोका जा सकता है। मधुमेह से होने वाली डायबिटिक रेटिनोपैथी, बच्चों में भेंगापन व मायोपिया तथा मोतियाबिंद अंधता के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमएस का लक्ष्य केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि हरियाणा को अंधता मुक्त बनाना है। इसके लिए गांव-गांव तक नेत्र जांच और जागरूकता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने युवाओं से वर्ष में कम से कम एक बार आंखों की जांच कराने की अपील की।

एमबीबीएस, बीपीटी, बीएससी ऑप्टोमेट्री और पीजी छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। न्यू ओपीडी परिसर में रंगोली और पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई। विशेषज्ञों ने ग्लूकोमा, कॉर्नियल ब्लाइंडनेस, मायोपिया, एंबलायोपिया और डायबिटिक रेटिनोपैथी से बचाव की जानकारी दी।

पोस्टर प्रतियोगिता में पीजी वर्ग में डॉ. मनीषा प्रथम, डॉ. हिमांशु द्वितीय और डॉ. करीना तृतीय रही। बीएससी ऑप्टोमेट्री में भारती प्रथम, अंशु द्वितीय तथा स्नेहा व मोहित संयुक्त रूप से तृतीय रहे।