जनशिकायतों का कागजी निस्तारण नहीं, शिकायतकर्ता को मिले वास्तविक राहतः ओएसडी बड़खालसा
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र सिंह बढ़ख़ालसा ने कहा कि जनशिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलने तक प्रभावी फॉलो-अप जरूरी है। वे बुधवार को रोहतक के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों, शिकायत पत्रों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की स्थिति की समीक्षा की गई। बढ़ख़ालसा ने कहा कि शिकायत दर्ज होने या कार्रवाई रिपोर्ट तैयार होने के बाद भी यह देखना आवश्यक है कि संबंधित व्यक्ति की समस्या वास्तव में हल हुई या नहीं।
उन्होंने प्रबुद्धजनों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने तथा दूसरे क्षेत्रों के मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप से बचने की बात कही।
ओएसडी ने कहा कि उद्देश्य अधिकारियों पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि प्रशासन और प्रबुद्धजनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। बैठक में लंबित, बार-बार सामने आने वाली और कागजी निस्तारण के बावजूद राहत नहीं मिलने वाली शिकायतों पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया। बैठक में सीएम विंडो के प्रबुद्धजनों ने भी विचार साझा किये।

Girish Saini 

