पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए वासुधैव कुटुम्बकम अभियान का आज हरियाणा से होगा आगाज़
रोहतक, गिरीश सैनी। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य वसुधैव कुटुम्बकम अभियान का आगाज़ हरियाणा से होगा। 18 मई को गुरुग्राम विवि ऑडिटोरियम में होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान पर मंथन करने के लिए जुटेंगी।
पर्यावरण आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत शर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य -पूरी दुनिया एक परिवार है- की भावना को मजबूत करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि बतौर मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री के ओएसडी राज नेहरू शिरकत करेंगे। गुरुग्राम विवि के कुलपति प्रो. संजय कौशिक अध्यक्ष होंगे। कार्यक्रम संचालन सीएम के ओएसडी गजेंद्र फौगाट व समन्वयन प्रदेशाध्यक्ष राजेश भारद्वाज करेंगे।
भारत शर्मा ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जल संरक्षण तथा सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत पौधरोपण, स्कूलों-कॉलेजों में भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग व वाद विवाद प्रतियोगिता सहित इस विषय पर फ़िल्म व गीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनहित अभियान से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा से शुरू होने वाला ये अभियान देशभर में पर्यावरण संरक्षण और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को नई दिशा देने का कार्य करेगा। कार्यक्रम 18 मई को दोपहर 3:00 बजे से जीयू ऑडिटोरियम में शुरू होगा। कार्यक्रम में कवि, गायक, समाजसेवी, उद्योगपति, खिलाड़ी, शिक्षाविद, साहित्यकार सहित अन्य बुद्धिजीवी वर्ग के शामिल होने की संभावना है।

Girish Saini 

