रोहतक में 7 अक्टूबर को जलेगी सेवा की मशाल, ज्योति कलश यात्रा से गूंजेगा विकसित भारत का संकल्प

रोहतक में 7 अक्टूबर को जलेगी सेवा की मशाल, ज्योति कलश यात्रा से गूंजेगा विकसित भारत का संकल्प

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं विकसित भारत का संकल्प कार्यक्रम 7 अक्टूबर को सुबह 8 बजे पुरानी आईटीआई मैदान स्थित मदनलाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त सतबीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों एवं अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम के बाद मशाल ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो निर्धारित मार्ग से होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगी। यहीं यात्रा का समापन होगा।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को कार्यक्रम और यात्रा की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। यात्रा मार्ग पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।