बीपीएसएमवी शिक्षकों-कर्मचारियों का संघर्ष रंग लाया
हरियाणा सरकार द्वारा 43.17 करोड़ जारी करने की घोषणा के बाद कुलपति की मौजूदगी में धरना-प्रदर्शन समाप्त।
रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। लंबित वेतन एवं वित्तीय संकट को लेकर भगत फूल सिंह महिला विवि, खानपुर के शिक्षकों-कर्मचारियों द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना हरियाणा सरकार द्वारा 43.17 करोड़ रुपये की शेष राशि जारी किए जाने की घोषणा के बाद शनिवार सुबह समाप्त कर दिया गया। विवि प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को हरियाणा वित्त विभाग द्वारा यह राशि जारी करने की सूचना दी गई। साथ ही, बताया गया कि विवि के अनुपूरक बजट की मांग को आगामी मानसून सत्र में हरियाणा विधानसभा के समक्ष रखा जा रहा है।
कुलपति प्रो. सुदेश एवं कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव ने शनिवार सुबह धरना स्थल पर पहुंच धरनारत कर्मचारियों को वित्तीय स्थिति से जुड़े ताजा घटनाक्रम की जानकारी दी। शिक्षकों-कर्मचारियों ने बजट जारी होने की सूचना का स्वागत करते हुए सर्वसम्मति से धरना समाप्त करने पर सहमति जताई। विवि प्रशासन के अनुसार, जारी की गई इस राशि से चालू वित्त वर्ष में कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन देने में मदद मिलेगी।
कुलपति प्रो. सुदेश ने कर्मचारियों से विवि के विकास और उन्नति के लिए पूरी निष्ठा व सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। कर्मचारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का भरोसा दिलाया।
संघ के महासचिव एवं मीडिया प्रवक्ता प्रो. अशोक वर्मा ने आंदोलन को समर्थन देने के लिए राज्य सरकार, विवि प्रशासन, सहित विभिन्न संगठनों और मीडिया का आभार जताया।
बॉक्स-
विवि कर्मचारियों ने राज्य सरकार और विवि प्रशासन से मांग की कि अनुपूरक बजट में केवल वेतन ही नहीं, बल्कि विवि की बुनियादी ढांचागत जरूरतों के लिए भी पर्याप्त राशि का प्रावधान किया जाए, ताकि संस्थान को भविष्य में वित्तीय कठिनाइयों से बचाने में मदद मिले।
कर्मचारियों ने वित्तीय प्रस्तावों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विवि स्तर पर एक विशेषज्ञ समिति गठित करने का प्रस्ताव भी रखा। यह समिति लेखा शाखा द्वारा तैयार किए जाने वाले वित्तीय प्रस्तावों की निगरानी और समीक्षा करेगी। विवि प्रशासन ने इस मांग पर सहमति जताई।

Girish Saini 

