गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान की पावन कलश यात्रा रोहतक जिले के 15 मंडलों के लिए रवाना

गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान की पावन कलश यात्रा रोहतक जिले के 15 मंडलों के लिए रवाना

रोहतक, गिरीश सैनी। गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को रोहतक जिले के सभी 15 भाजपा मंडलों के लिए पावन कलश यात्रा रवाना की गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन गौकरण धाम में हुआ। इससे पहले तेज कॉलोनी स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारा में वंदन एवं आरती के बाद कलश गौकरण धाम लाए गए।

ये कलश 15 अगस्त के बाद शक्ति केंद्रों से होते हुए प्रत्येक बूथ तक पहुंचेंगे और संबंधित बूथ के मंदिर में स्थापित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास की शिक्षाओं, सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण के संदेश को गांव-गांव एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

अभियान के जिला संयोजक डॉ. अशोक कुमार रंगा ने कहा कि गुरु रविदास ने भेदभाव रहित और समतामूलक समाज की परिकल्पना की थी। जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने कार्यकर्ताओं से यात्रा को व्यापक जनभागीदारी के साथ गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से पूर्व गौकरण धाम में भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक भी हुई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई। बैठक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा व कंवल सिंह सैनी, सहित पार्टी पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।