प्रधानमंत्री 27 अगस्त को युवाओं से करेंगे सीधा संवाद, रोहतक के चार संस्थानों में होगा -खेलो इंडिया संवाद
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को देशभर के युवाओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में रोहतक में -खेलो इंडिया संवाद का आयोजन पीजीआईएमएस रोहतक, आईआईएम रोहतक, पं. नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय में किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। संवाद के दौरान खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, देश के विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र, खेल अधोसंरचना और वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं से संवाद का अवसर भी मिलेगा। साथ ही युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर उनके विचार एवं सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि युवा अपने सुझाव मेरा युवा भारत पोर्टल की सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा कर सकेंगे। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत व एनसएसएस स्वयंसेवकों सहित स्थानीय युवा भाग लेंगे। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
आयोजन की तैयारियां एवं आवश्यक व्यवस्थाएं -आईआईएम के प्रशासनिक अधिकारी सचिन, पीजीआईएमएस की नोडल अधिकारी डॉ. सविता रानी, राजकीय महिला महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. हर्ष तथा एनआरएस राजकीय महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ सुमित खन्ना की देखरेख में सुनिश्चित की जा रही हैं।

Girish Saini 

