आधुनिक चुनौतियों के लिए तैयार होगा पुलिस बल

आईजी अशोक कुमार ने साझा किया पीटीसी में पुलिस ट्रेनिंग का नया रोडमैप।

आधुनिक चुनौतियों के लिए तैयार होगा पुलिस बल

रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया में 14 सितंबर से शुरू हुए लोअर स्कूल कोर्स के नए बैच के प्रशिक्षण को आधुनिक और प्रभावी बनाने को लेकर आईजी पीटीसी अशोक कुमार, आईपीएस की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में एसपी पीटीसी ध्यान सिंह, आईपीएस सहित प्रशिक्षण केंद्र के सभी निरीक्षक मौजूद रहे।

बैठक में आईजी ने प्रशिक्षुओं को उपलब्ध कराई जा रही आवास व्यवस्था, प्रशिक्षण सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए और प्रशिक्षण व्यवस्था में आधुनिक जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए।

आईजी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों को इस तरह प्रशिक्षित किया जाना चाहिए कि वे बदलती पुलिसिंग चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल वर्तमान ड्यूटी की जरूरतों तक सीमित न रहे, बल्कि जवानों को आगामी 30 वर्षों तक की जिम्मेदारियों के लिए भी तैयार करे।

उन्होंने कहा कि अनुशासन, दक्षता, तकनीकी समझ और जनसेवा की भावना से युक्त मजबूत एवं आधुनिक पुलिस बल तैयार करना पीटीसी का प्रमुख उद्देश्य है।