आने वाले समय की जरूरत है -स्वस्थ हरियाणा, हरा-भरा हरियाणाः डॉ. अर्चना गुप्ता
वन महोत्सव के तहत रोहतक में पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ हरियाणा, हरा-भरा हरियाणा आने वाले समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। साथ ही, आम जन से विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में ई-कार्ड अपनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इससे कागज की खपत कम होगी और हजारों पेड़ों को कटने से बचाया जा सकेगा।
डॉ. अर्चना गुप्ता शुक्रवार को रोहतक के जलेबी चौक पर आयोजित वन महोत्सव एवं पौधारोपण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानेसर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन भी सुना। इस दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश सचिव नागेंद्र शर्मा व प्रतिभा सुमन, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य जन मौजूद रहे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर चर्चा कर रही है, जबकि भारत की सनातन संस्कृति ने हजारों वर्ष पहले ही प्रकृति को देवतुल्य मानकर उसकी पूजा की है। हमारे शास्त्रों में वृक्षों, नदियों, पर्वतों और वनस्पतियों को जीवन का आधार माना गया है। उन्होंने कहा कि वृक्ष वर्षा चक्र को संतुलित रखने, भूजल स्तर बढ़ाने, जैव विविधता को सुरक्षित रखने तथा बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
Girish Saini 

