एचयूडबल्यूजे ने मीडिया को चुनाव प्रक्रिया एवं एसआईआर की गहन जानकारी देने के लिए चुनाव आयोग से कार्यशाला आयोजित करने का आग्रह किया
आमजन तक तथ्यपरक एवं विश्वसनीय जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना जरूरीः प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एचयूडबल्यूजे) ने भारत निर्वाचन आयोग से मीडिया प्रतिनिधियों के लिए चुनाव प्रक्रिया एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित करने की मांग की है। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा कि चुनाव संबंधी भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों के बढ़ते दौर में पत्रकारों को निर्वाचन प्रक्रिया की प्रमाणिक एवं विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भेजे एक पत्र में प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और एसआईआर को लेकर सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर लगातार भ्रामक जानकारियां प्रसारित हो रही हैं। इससे आम नागरिकों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है तथा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर अनावश्यक शंकाएं भी जन्म ले रही हैं।
पत्र में कहा गया है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची पुनरीक्षण, एसआईआर की प्रक्रिया, चुनावी नियमों तथा आयोग की व्यवस्थाओं की गहन और आधिकारिक जानकारी दी जाए तो वे आमजन तक तथ्यपरक एवं विश्वसनीय जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष कथूरिया ने सुझाव दिया कि निर्वाचन आयोग मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करे, जिसमें आयोग के वरिष्ठ अधिकारी चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दें तथा पत्रकारों के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी करें। इससे मीडिया और निर्वाचन आयोग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी पहल से लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा लोगों तक केवल प्रमाणिक, तथ्यात्मक और पारदर्शी जानकारी पहुंचेगी। एचयूडबल्यूजे ने लोकतंत्र के हित में इस विषय पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
Girish Saini 


