सुपवा में आज से सजेगा हाइफा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल
मास्टर क्लास में होगी सिनेमा की बारीकियों पर चर्चा।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में शनिवार से दो दिवसीय इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा (आईएफएफएच) शुरू होगा। हरियाणी इनोवेटिव फिल्म एसोसिएशन (हाइफा) द्वारा आयोजित फेस्टिवल में सुपवा सहयोगी की भूमिका में है, जबकि स्टेज ऐप प्रायोजक है। उद्घाटन सत्र में बॉलीवुड, पंजाबी और हरियाणवी सिनेमा से जुड़े कई चर्चित चेहरे शामिल होंगे।
फेस्टिवल की शुरुआत हरियाणवी फिल्म मुआवजा की स्क्रीनिंग से होगी। दो दिनों में कुल 24 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनमें चुनिंदा फीचर फिल्में, क्षेत्रीय फिल्में, लघु फिल्में, डॉक्यूमेंट्री और म्यूजिक वीडियो शामिल हैं। पहली बार शहरवासियों को विदेशी फिल्मों की स्क्रीनिंग देखने का अवसर भी मिलेगा। सभी फिल्मों की स्क्रीनिंग सुपवा के मिनी ऑडिटोरियम में होगी और प्रवेश निशुल्क रहेगा।
फेस्टिवल चेयरमैन एवं अभिनेता यशपाल शर्मा, अभिनेत्री सुमित्रा हुड्डा पेडनेकर, राजीव भाटिया, राजू मान, अनूप लाठर, सुशील दहिया, रेखा वर्मा सरीन, लीला सैनी, मीना मलिक, पंजाबी गायक काका, अभिनेता प्रिंस कंवलजीत सिंह और मासूम शर्मा सहित फिल्म जगत की कई हस्तियां विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगी। देश-विदेश के फिल्मकार, निर्देशक, निर्माता, कलाकार और तकनीकी विशेषज्ञ भी संवाद करेंगे।
फिल्म प्रदर्शन के साथ युवाओं और उभरती प्रतिभाओं के लिए विशेष मास्टर क्लास भी आयोजित होंगी। बॉलीवुड अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा और अश्विन चौधरी अभिनय और सिनेमा की बारीकियों पर प्रतिभागियों से संवाद करेंगे।
बॉक्स-
फेस्टिवल का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को अनुभवी फिल्मकारों से सीखने और संवाद का मंच उपलब्ध कराना है। आयोजकों के अनुसार, आईएफएफएच के जरिए हरियाणा की भाषा, संस्कृति और प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास है। रविवार, 20 सितंबर को अवॉर्ड समारोह के साथ फेस्टिवल का समापन होगा। समारोह में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव केएम पांडुरंग मुख्य अतिथि होंगे।

Girish Saini 

