डीसी ने समाधान शिविरों में शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए

डीसी ने समाधान शिविरों में शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

लघु सचिवालय में नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जाते हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया शुरू करते हैं।

उन्होंने अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देकर संतुष्ट करने को कहा। नागरिक साधारण कागज पर अपनी शिकायत लिखकर ला सकते हैं। लिखने-पढ़ने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए कर्मचारी तैनात किया गया है।

उपमंडल स्तर पर सांपला और महम में भी समाधान शिविर लगाए गए, जहां अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए गए।