गूंगी, बहरी और अंधी बनी हुई है केंद्र व हरियाणा सरकारः किसान नेता राजू मान

गूंगी, बहरी और अंधी बनी हुई है केंद्र व हरियाणा सरकारः किसान नेता राजू मान

बाढ़डा, गिरीश सैनी। देश की जनता का दुर्भाग्य है कि केंद्र में गूंगी, बहरी और अंधी सरकार बैठी है और हरियाणा सरकार भी उन्हीं के पदचिन्हों पर है, जिन्हें जनता का दर्द और तकलीफ से कोई वास्ता नहीं है। यह आरोप अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान ने बाढ़डा में अनाज मंडी के बाहर चल रहे किसानों के अनिश्चितकालीन धरने को 281वें दिन संबोधित करते हुए लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार का बेरुखा व्यवहार उसे कहीं का नहीं छोड़ेगा।

मान ने कहा कि कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि मौजूदा सांसद, पूर्व राज्यसभा सांसद और बाढ़डा विधायक अपने-अपने सदन में 2023 के कपास के बकाया मुआवजे को लेकर बात उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक सरकार के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगी है। उन्होंने सरकार पर बाढ़डा के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बाढ़डा, कादमा और माँढ़ी हरिया में सरकारी कॉलेज हैं लेकिन उनमें पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण ये कॉलेज सफेद हाथी बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में कई गांवों में पीने के पानी की किल्लत बनी हुई है। यही हालात मंडियों में देखने को मिल रहे हैं जहां सरकार के नए-नए नियमों से किसान परेशान हैं।

धरने की अध्यक्षता थानेदार जोरा सिंह उमरवास और होशियार सिंह गोपी ने की। संचालन कमल सिंह हड़ौदा ने किया। इस दौरान राजकुमार हड़ौदी, मास्टर रघुबीर सिंह, धर्मपाल पीटीआई, सत्यप्रकाश, राकेश, सूबे सिंह, शुभराम, नरेश सिंह, भूप सिंह दलाल, जगदीश पुनिया, सहित अनेकों ग्रामीण मौजूद रहे।