ई-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में जीजेयू के दस विद्यार्थी चयनित
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से आयोजित ई-कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विभिन्न विभागों के दस विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट मिला है। चयनित विद्यार्थियों को कंसल्टिंग, मैन्युफैक्चरिंग, ऑयल एंड गैस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और ट्रेडिंग जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में अवसर मिले हैं।
चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए, कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की तथा कहा कि विद्यार्थियों को लगातार मिल रही प्लेसमेंट सफलता विवि के मजबूत एकेडमिक इकोसिस्टम, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड करिकुलम, अनुभवी फैकल्टी और विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को विकसित करने की लगातार कोशिशों को प्रदर्शित करती है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि इस ड्राइव का आयोजन स्टेलरिक्स कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, मोहन ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड एवं मोहन अर्थमूवर्स एलएलपी, इंडियन ऑयल-अदानी गैस प्राइवेट लिमिटेड (आईओएजीपीएल), टेक्नोसिस कंपनी और ट्रेड इंडिया जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा किया गया। चयन प्रक्रिया में एचआर संवाद, तकनीकी साक्षात्कार और उम्मीदवारों की पेशेवर क्षमता का मूल्यांकन शामिल रहा। ड्राइव में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और विज्ञान कोर्स के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि एमएससी फूड टेक्नोलॉजी की वंशिका व एमएससी फूड टेक्नोलॉजी की ईशा सैनी का स्टेलरिक्स कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के जतिन कुमार व विशाल वशिष्ठ का मोहन ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड एवं मोहन अर्थमूवर्स एलएलपी में, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सूरज का आईओएजीपलएल में, बीटेक इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी के तरुण कुमार का टेक्नोज कंपनी में, एमबीए जनरल के सौरभ व अमित तथा एमबीए मार्केटिंग की तानिया व युक्ता का ट्रेड इंडिया में चयन हुआ है।
Girish Saini 


