वीसीई में टेकफ्यूजन-2026 का आगाज, 51 प्रतियोगिताओं में दम दिखाएंगे 800 विद्यार्थी
10 से अधिक कॉलेजों के विद्यार्थी ले रहे भाग, तकनीकी, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां बनीं आकर्षण
रोहतक, गिरीश सैनी। वैश्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में सोमवार को तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय तकनीकी-प्रबंधन उत्सव टेकफ्यूजन-2026 का शुभारंभ हुआ। 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में 10 से अधिक महाविद्यालयों के 800 से अधिक विद्यार्थी 51 प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखा रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में वैश्य शिक्षण संस्थान के प्रधान विकास गोयल एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पहले दिन तकनीकी प्रतियोगिताओं में क्रॉस फायर, किल स्विच, हू किल्ड द सर्वर?, आविष्कार एरीना और अर्निंग बाय लर्निंग आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज और युगल क्रिकेट में भी हिस्सा लिया।
सांस्कृतिक गतिविधियों में फोटोग्राफी, मेहंदी, पोस्टर निर्माण, रंगोली, कोलाज, सामूहिक नृत्य, युगल नृत्य और वोल्टा फेस प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने रचनात्मकता दिखाई। अर्निंग बाय लर्निंग के तहत विद्यार्थियों ने खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाकर उद्यमशीलता का परिचय दिया।
प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं।

Girish Saini

