सुपवा की शॉर्ट फिल्म जगत का देस ढाका फिल्म फेस्टिवल में होगी प्रदर्शित

92 देशों की 1269 फिल्मों में चयन, छात्रों ने मिलकर बनाई 14.36 मिनट की शॉर्ट फिल्म

सुपवा की शॉर्ट फिल्म जगत का देस ढाका फिल्म फेस्टिवल में होगी प्रदर्शित

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) द्वारा प्रोड्यूस शॉर्ट फिल्म जगत का देस अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएगी। इस फिल्म का चयन 17वें इंटरनेशनल इंटर यूनिवर्सिटी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल (आईआईयूएसएफएफ) के लिए हुआ है। ढाका में 21 सितंबर से शुरू होने वाले इस फेस्टिवल में फिल्म की स्क्रीनिंग होगी। फेस्टिवल के लिए 92 देशों की 1269 फिल्मों का चयन किया गया है।

फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि करीब 14 मिनट 36 सेकेंड लंबी यह फिल्म भोजपुरी और हिंदी में तैयार की गई है। इसका लेखन और निर्देशन 2019 बैच के एक्टिंग ग्रेजुएशन के छात्र शिवम पांडेय ने किया है। शिवम ने फिल्म में अभिनय भी किया है। चेतना, संदीप, अरुण और सान्या ने भी प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। हर्षित ढल ने छायांकन, राहुल कत्याल ने संपादन तथा रोहित चौहान ने लोकेशन, मिक्सिंग और डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली।

जगत का देस की कहानी प्रवास, स्मृति, पहचान, प्रेम, विस्थापन और अपनी मिट्टी से जुड़ाव के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म का मुख्य पात्र जगत बेहतर जीवन की तलाश में गांव छोड़ता है, लेकिन उसके साथ उसकी मिट्टी, यादें और अधूरे रिश्ते भी चलते हैं।

फिल्म की स्क्रीनिंग 7 से 10 सितंबर तक श्रीनगर में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ जम्मू एवं कश्मीर में भी हो चुकी है।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि छात्रों द्वारा फिल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं—अभिनय, संगीत, ड्रेस डिजाइनिंग और निर्देशन—की जिम्मेदारी स्वयं संभालना उनकी रचनात्मक क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में फिल्म के चयन को सुपवा परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।