रूसी फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग होगी सुपवा की शॉर्ट फिल्म -जोगई परिवार
समाज व परिवार की सच्चाई दर्शाती है फिल्मः कुलपति डॉ. अमित आर्य
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म -जोगई परिवार को रूस में होने वाले 21वें विद इन द फैमिली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ फैमिली एंड चिल्ड्रन फिल्म 2026 में स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है। ये फिल्म फेस्टिवल 3 जुलाई से यारोस्लावल, रूस में शुरू होगा, जहां दुनिया भर की चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग ज्यूरी, फिल्म व कला प्रेमियों के सामने होगी।
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि सुपवा द्वारा प्रोड्यूस की गई -जोगई परिवार को फिल्म एंड टेलीविजन फैकल्टी के छात्रों ने तैयार किया है। इसके निर्देशक 2023 बैच के फिल्म निर्देशन के छात्र अर्पित आनंद सिंह है। शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में चयनित -जोगई परिवार के कलाकार भी सुपवा के ही छात्र जितेंद्र, शिवम, मिताली, अरूण, व मनखुश हैं। मेंटर दीप्ति खुराना व एसोसिएट डायरेक्टर रजत सोंगरा हैं। असिस्टेंट डायरेक्टर केशव बियानी, गौरव, कृशांग सैनी व सान्या भी फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के छात्र हैं। कुलसचिव ने बताया कि सिनेमोग्राफर अजय नेहरा, एडिटर गौरव, लोकेशन साउंड रिकॉर्डिस्ट गौरव गौतम, साउंड डिजाइनर अंशुल रोहिल्ला, आर्ट डायरेक्टर शीतल कुमारी व सेट डिजाइन रमाकांत महाजन हैं। प्रोडक्शन हैड सुरेंद्र सावित्री सरकार, मेकअप नेहा व कॉस्ट्यूम प्रीति शर्मा ने किया।
कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि यारोस्लावल, रूस में होने वाला ये फिल्म फेस्टिवल पारिवारिक व बच्चों की फिल्मों का विश्व भर का सबसे बड़ा फेस्टिवल है। उन्होंने इस तरह के अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में सुपवा की शॉर्ट फिल्म के चयनित हेने पर गर्व व्यक्त किया। कुलपति ने बताया कि शॉर्ट फिल्म -जोगई परिवार समाज व परिवार की सच्चाई को सरल तरीके से दिखाती है। फिल्म के कलाकारों व बाकी क्रू ने इसके लिए कड़ी मेहनत की। कुछ छात्र कलाकारों ने काफी कम समय में भोजपुरी भाषा सीखी, ताकि वे अपने किरदार के साथ पूर्ण न्याय कर सकें। कुलपति ने उम्मीद जताई कि ये शॉर्ट फिल्म ज्यूरी सदस्यों की सराहना बटोरकर अवार्ड हासिल करेगी।
Girish Saini 

