पक्षी संरक्षण के लिए आगे आया सुपवा

विवि परिसर में लगाए गए दाना-पानी नेस्ट।

पक्षी संरक्षण के लिए आगे आया सुपवा

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में दाना-पानी नेस्ट अभियान के तहत पक्षियों के लिए इको-फ्रेंडली नेस्ट एवं जलपात्र स्थापित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य तेजी से घटते पक्षियों को सुरक्षित आश्रय, भोजन व पानी उपलब्ध कराना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति व जैव विविधता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। इस दौरान उपस्थित जन ने सुपवा परिसर में पक्षी संरक्षण का संकल्प लिया।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि विवि प्रशासन का प्रयास है कि पूरा परिसर विद्यार्थियों के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी हरा-भरा, सुरक्षित व जीवनदायी बने। उन्होंने कहा कि बेजुबान पक्षियों के लिए भोजन व सुरक्षित ठिकानों की व्यवस्था करना हमारी संस्कृति व सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने इस अभियान को नई पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने वाला अभियान बताया। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि हमें अपने घर, स्कूल, कार्यालय के आसपास पक्षियों के लिए दाना-पानी और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था करते हुए इस जन अभियान का हिस्सा बनें।

इस दौरान विवि अधिकारियों के साथ स्वयंसेवक अनिल कुमार, डॉ. प्रताप सिंह, राजेश कुमार, विक्रांत वीर आदि ने विवि परिसर में विभिन्न पेड़ों पर पक्षियों के लिए इको-फ्रेंडली नेस्ट एवं जलपात्र स्थापित किए। उपस्थित जन ने पक्षियों की हरसंभव देखरेख व संरक्षण का संकल्प भी लिया।