150 पौधों से खिलेगा सुपवा आवासीय परिसर, स्टाफ-छात्राओं ने संभाली जिम्मेदारी
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के आवासीय परिसर में चलाए गए पौधरोपण अभियान की शुरूआत कुलपति डॉ. अमित आर्य ने पौधरोपण कर की। इस दौरान स्टाफ सदस्यों और छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए करीब 150 फलदार व छायादार पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
अभियान की शुरुआत आवासीय परिसर के मुख्य द्वार से हुई। कुलपति डॉ. आर्य ने भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप त्रिवेणी रोपी, जिसमें पीपल, नीम और बरगद के पौधे शामिल रहे। इसके अलावा परिसर की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता बढ़ाने वाले विभिन्न पौधे भी लगाए गए।
कुलपति ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। वे शुद्ध वायु, फल और छाया उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी है।
आवासीय परिसर में कुलपति निवास, अहिल्याबाई होल्कर कन्या छात्रावास तथा फैकल्टी व स्टाफ आवासों के आसपास खाली स्थानों पर पौधे लगाए गए। इनमें आम, अमरूद, नींबू, जामुन और आंवला जैसे फलदार पौधों के साथ नीम, पीपल, बरगद, अशोक और गुलमोहर के पौधे शामिल रहे।
छात्राओं ने एक-एक पौधे की जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें नियमित पानी देने और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कुलपति डॉ. आर्य ने टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ से भी अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Girish Saini 

