पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व एवं जीवन को श्रेष्ठ बनाने पर फोकस करें विद्यार्थीः कुलसचिव डॉ. गुंजन

पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व एवं जीवन को श्रेष्ठ बनाने पर फोकस करें विद्यार्थीः कुलसचिव डॉ. गुंजन

वैदिक हवन-यज्ञ के साथ सुपवा में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ।

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में सोमवार को वैदिक हवन-यज्ञ के साथ नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विधिवत शुरुआत हुई। इस दौरान नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम में उन्हें विवि की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के साथ-साथ सुपवा परिवार की विशेषताओं से परिचित कराया गया।

अपने प्रभावशाली संबोधन में कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व एवं जीवन को श्रेष्ठ बनाने पर भी ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि डीएलसी सुपवा एक पारंपरिक विवि से अलग विशिष्ट पहचान रखने वाला संस्थान है। यहां कला, डिजाइन, फिल्म, टेलीविजन तथा अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में जिस तरह की शिक्षा दी जाती है, वह इसे विशिष्ट बनाता है।

कुलसचिव ने विद्यार्थियों से कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद उन्हें यहां प्रवेश मिला है, इसलिए शिक्षा हासिल करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें। उन्होंने विद्यार्थियों से जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद करने और समाज में सुपवा के विद्यार्थियों की पहचान सदैव मददगार एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में स्थापित करने का आह्वान किया।

नए शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत से पहले विवि परिसर स्थित सूर्य कवि दादा लख्मीचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद वैदिक परंपरा के अनुसार आयोजित हवन-यज्ञ के दौरान नए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक व उनकी पत्नी अंजुला तथा प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के एफसी अजयबाहू जोशी व उनकी पत्नी कौशल्या जोशी ने बतौर मुख्य यजमान हवन संपन्न करवाया।

इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा वंदेमातरम् एवं विवि कुलगीत के साथ हुआ। फैकल्टी ऑफ डिजाइन की एफसी डॉ. शैली खन्ना ने फैकल्टी के अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागों एवं पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विवि की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अकादमिक व्यवस्था से विस्तार से अवगत कराया। प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के एफसी अजयबाहू जोशी ने अपने विभाग के अंतर्गत संचालित यूजी व पीजी कोर्सेज की जानकारी दी।

डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर एवं विजुअल आर्ट्स के एफसी विनय कुमार ने विद्यार्थियों को विवि में संचालित विभिन्न क्लबों और छात्र हित से जुड़ी गतिविधियों से अवगत कराया। फिल्म एंड टेलीविजन के अकादमिक कोऑर्डिनेटर देबाशीष रॉय ने फैकल्टी के शिक्षकों एवं स्टाफ का परिचय कराया। डायरेक्टर आईटी सीमा ने विवि में उपलब्ध विभिन्न तकनीकी सुविधाओं और संसाधनों पर प्रस्तुति दी। मंच संचालन अभिनय विभाग के सहायक प्रोफेसर दुष्यंत ने किया। इस दौरान विवि के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।