विद्यार्थी शैक्षणिक ज्ञान व सृजनात्मकता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपना कर समाज व देश निर्माण में दें योगदानः प्रो. असीम कुमार घोष
राज्यपाल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्घांजलि।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के महामहिम राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षण संस्थानों द्वारा दिए गए शैक्षणिक ज्ञान व सृजनात्मकता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को जीवन में धारण करें तथा समाज व देश के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
राज्यपाल स्थानीय वैश्य शिक्षण संस्थान के महाराजा अग्रसेन सभागार में वार्षिकोत्सव एवं दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर दीक्षांत समारोह के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की। राज्यपाल ने शिक्षण संस्थान परिसर स्थित महात्मा गांधी वाटिका एवं संग्रहालय में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष ने भी पुष्प अर्पित किए।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने फरवरी 2021 में वैश्य शिक्षण संस्था की नींव रखी थी। आज यह संस्था हजारों विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान रूपी रोशनी देकर इनका मार्ग प्रशस्त कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नई शिक्षा नीति 2020 शुरू की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में इस नई शिक्षा नीति 2020 के मुख्य प्रावधानों को इस सत्र से पूरी तरह लागू किया है तथा हरियाणा नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला देश का प्रथम राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा वर्तमान में शिक्षा व उद्योग का हब बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा दे रहे हैं तथा युवाओं के चरित्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। वैश्य शिक्षण संस्था के प्रधान विकास गोयल तथा अन्य पदाधिकारियों ने राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष के अलावा कार्यक्रम के अन्य अतिथियों समाजसेवी महेंद्र अग्रवाल, हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, गिरीश चंद्र गुप्ता, समाजसेवी राजेश जैन को स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। विकास गोयल ने संस्था की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस समारोह में विधि, इंजीनियरिंग तथा फार्मास्यूटिकल, शिक्षा एवं शोध के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गई।
Girish Saini 

