वन्यजीव संरक्षण का संदेश, स्लोगन-पोस्टर में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के प्राणीशास्त्र विभाग में वन्यजीव सप्ताह के तहत सह-अस्तित्व के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण विषय पर स्लोगन लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता बचाने का संदेश दिया।
विभागाध्यक्षा प्रो. मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में प्रत्येक जीव की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानव और वन्यजीवों के बीच सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व पृथ्वी पर जीवन के लिए आवश्यक है। इस दौरान विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
स्लोगन लेखन में रानी प्रथम, गौरव द्वितीय और कीर्ति तृतीय रहीं, जबकि स्नेहा को सांत्वना पुरस्कार मिला। पोस्टर मेकिंग में पारुल वत्स प्रथम, यूआईईटी के आयुष शर्मा द्वितीय और पर्यावरण विज्ञान विभाग के दीपांशु ठाकरान तृतीय रहे। अंजलि को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को नकद पुरस्कार व प्रमाण-पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए। निर्णायक मंडल में प्रो. रश्मि भारद्वाज और प्रो. बबीता खोसला शामिल रही।

Girish Saini

