सुपवा में छात्रों ने बॉडी लैंग्वेज से दिखाया अभिनय का हुनर
30 दिवसीय वर्कशॉप में सीखने के बाद 11 विद्यार्थियों ने पेश किया बॉडी कल्चर डेमोस्ट्रेशन
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के अभिनय के विद्यार्थियों ने अभिनय में बॉडी लैंग्वेज, शारीरिक नियंत्रण और फिटनेस की अहमियत को अपनी प्रस्तुति के जरिए प्रभावी ढंग से सामने रखा। फिल्म एंड टेलीविजन फैकल्टी के एक्टिंग विभाग के तीसरे सेमेस्टर के 11 छात्र-छात्राओं ने एक्टिंग स्टूडियो में बॉडी कल्चर डेमोस्ट्रेशन प्रस्तुत किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने 30 दिन तक चली विशेष वर्कशॉप के दौरान सीखे विभिन्न शारीरिक अभ्यासों और तकनीकों का प्रदर्शन किया। वर्कशॉप में एक्टर एवं थिएटर प्रैक्टिशनर प्रेरणा जोशी ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया। छात्रों ने सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शरीर पर नियंत्रण, संतुलन, ऊर्जा, तालमेल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
डेमोस्ट्रेशन के दौरान विद्यार्थियों ने यह भी दिखाया कि अलग-अलग किरदारों और परिस्थितियों के अनुसार शरीर की मुद्रा, चाल-ढाल और हाव-भाव में किस तरह बदलाव किया जा सकता है। प्रस्तुति में छात्रों की मेहनत और अनुशासन साफ नजर आया।
प्रस्तुति के दौरान कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा सहित सुपवा परिवार के सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे। छात्रों ने कहा कि अभिनय केवल संवाद बोलने और चेहरे के भाव तक सीमित नहीं है, बल्कि अभिनेता का पूरा शरीर अभिव्यक्ति का माध्यम होता है। इसलिए अभिनय के विद्यार्थियों के लिए शारीरिक रूप से फिट और सक्रिय रहना जरूरी है। उपस्थित जन ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

Girish Saini 

