ग्रीवेंस कमेटी में शिकायतों पर सख्ती: जांच समितियां गठित

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने अफसरों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए

ग्रीवेंस कमेटी में शिकायतों पर सख्ती: जांच समितियां गठित

रोहतक, गिरीश सैनी। महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम भावना से काम करने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला विकास भवन में आयोजित समिति की मासिक बैठक में एजेंडे की सभी 12 शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें अधिकांश का मौके पर निपटारा किया गया।

महम के वार्ड-9 निवासी रतनलाल की पीजीआई में डॉक्टर की कथित लापरवाही से जुड़ी शिकायत पर मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर मामले की पूरी जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

खिड़वाली निवासी राजकुमार की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक को धोखाधड़ी के आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया। बिल्लो की शिकायत तथा कलानौर निवासियों की शिकायत पर भी जांच समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए। फरमाणा बादशाहपुर के विवाद में दोनों पक्षों को आपसी भाईचारे से समाधान के लिए एक अक्टूबर को उपायुक्त के समक्ष पक्ष रखने को कहा गया।

रिठाल फौगाट के किसानों की समस्या पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने गांव में माइक्रो एसटीपी की संभावना तलाशने के लिए अधिकारियों को दौरा करने के निर्देश दिए। बलंभ गांव में राजकीय उच्च विद्यालय के नए भवन का निर्माण जल्द शुरू करने को कहा गया।

बैठक में उपायुक्त सतबीर सिंह, नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, एडीसी नरेंद्र कुमार,एसडीएम अंकिता पुवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।