नशे से दूरी, खेल जरूरी - नायब सरकार का फोकसः सीएम ओएसडी फौगाट
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी (प्रचार) एवं कलाकार गजेंद्र फौगाट ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ना नायब सरकार की प्राथमिकता है। नशे से दूरी, खेल जरूरी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
ओएसडी फौगाट ने स्टेट आट्या-पाट्या चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। इसलिए खेलों का विस्तार गांव-गांव और शहर-शहर तक होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आट्या-पाट्या जैसे पारंपरिक और रोमांचक खेलों को बढ़ावा देना भी इसी पहल का हिस्सा है।
चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में रोहतक ने रेवाड़ी को हराकर शानदार शुरुआत की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
आट्या-पाट्या एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र लोहान ने स्वागत संबोधन किया। अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनीषा ने खिलाड़ियों और ऑफिशियल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपाध्यक्ष सुभाष रुहिल, महासचिव डॉ. दीपेंद्र आर्य और कोषाध्यक्ष सुरजीत नैन सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

