खेलों से बनेगा संस्कारवान युवाः रोहतक में 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान एवं हिंदू शिक्षा समिति द्वारा संरक्षित शिक्षा भारती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोहाना रोड में 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। 23 अगस्त तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, वॉलीबॉल और बॉक्सिंग के मुकाबले होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों एवं विभिन्न स्थानों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत किया।
बतौर मुख्य अतिथि, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
मुख्य वक्ता कुलवीर ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और चारित्रिक विकास को भी समान महत्व देती है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित युवा तैयार करने का जरिया हैं। प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वे यहां से खेल भावना, मित्रता और अच्छे संस्कार लेकर जाएंगे।

Girish Saini 

