हिंदू कॉलेज में स्मार्ट एनर्जी मीटर कोर्स के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत जूनियर टेक्नीशियन (स्मार्ट एनर्जी मीटर) कोर्स में प्रवेश हेतु विशेष काउंसलिंग एवं पंजीकरण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेल समन्वयिका डॉ. सन्नी कपूर ने बताया कि इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्मार्ट एनर्जी मीटर एवं इलेक्ट्रिकल कार्यों से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणपत्र कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को एनएसक्यूएफ लेवल 4 का राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। ये कोर्स करने के बाद विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट एनर्जी मीटर तथा इलेक्ट्रिकल क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों के कौशल विकास के उद्देश्य से ये प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में स्मार्ट मीटरिंग का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन के सहयोग से प्रारंभ किया गया ये कोर्स विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाते हुए उन्हें रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा। इस दौरान डॉ. संदीप, डॉ. दीप्ति शर्मा, डॉ. प्रीति भारद्वाज और पावर ग्रिड कार्पोरेशन से वीरेंद्र, रोहित व साहिल मौजूद रहे।
Girish Saini 


